मऊ नगर के खीरीबाग निवासी अधेड़ की मौत के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधेड़ को इलाज कराने के लिए बीएचयू भेजा गया था। शुक्रवार की देर शाम उनकी मौत हो गई, परिजन उनका शव लेकर घर आ गए। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने खीरीबाग को हॉटस्पॉट बनाने के साथ मृतक के संपर्क में रहने वाले पांच लोगों को क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया है।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि नगर के खीरीबाग निवासी 52 वर्षीय अधेड़ सांस लेने में तकलीफ होने पर 18 जून को इलाज कराने के लिए बीएचयू गए थे। वहां इलाज से पहले उनका सैंपल लिया गया था। शुक्रवार शाम उनकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन शव लेकर मऊ आ गए।
बताया जा रहा है कि सुबह उन्हें सुपर्द-ए-खाक कर दिया गया। दोपहर बाद बीएचयू के मेडिकल कालेज से आई रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद खीरीबाग को हॉटस्पॉट बनाने के साथ मृतक के संपर्क में रहने वाले पांच लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है।