रानीपुर (मऊ)। ब्लाक मुख्यालय पर शुकवार को मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा और परियोजना निदेशक मत्स्य नाथ द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया। अचानक ब्लाक पर अधिकारियों के पहुंचते ही ब्लॉक कर्मियों के बीच हडकंप मच गया। दोनों अफसरों ने ब्लॉक का निरीक्षण कर दस्तावेजों की जांच की। जांच के उपरांत ब्लाक सभागार में सीडीओ और परियोजना निदेशक ने ब्लॉक के सभी सचिवों, टीए, एडीओ की उपस्थिति में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान आवास, शौचालय, स्वयं सहायता समूह, एनएलओबी आदि कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अफसरों ने कहा कि शासन से प्राथमिकता वाले कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा करें। सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर विकास कार्यों में लापरवाही की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद सीडीओ और पीडी विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने गोकुलपुरा गांव पहुंचे। वहां राज्य वित्त, चौदहवाँ वित्त और मनरेगा से कराये गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। गांव में दो इंटरलॉकिंग, मॉर्डन स्कूल का शौचालय, आयुर्वेद अस्पताल की चहारदीवारी और गांव स्थित पोखरे का सुंदरीकरण कार्य देखा।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी राम सिह वर्मा ने कहा कि जांच की गई है। मौके पर कार्य कराया गया हुआ मिला। इस दौरान एडीओ पंचायत सुरेंद्र नाथ यादव, ग्राम प्रधान बृजेश सिंह, सचिव पवन सिंह सहित अन्य विभागीय लोग मौजूद रहे।