कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज स्थित फोरलेन पर अपने मामा के घर से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब घर वालों को सूचना मिली तब पूरे घर में मातम फैल गया। सीसीटीवी को माध्यम बनाकर घटना की तफ्तीश की जा रही है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज स्थित फोरलेन पर बुधवार की बीती रात को अज्ञात वाहन ने एक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।हादसे में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई।उधर से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक की पहचान रवि यादव 26 पुत्र चन्द्रजीत यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक मुंबई में रहकर कोई निजी कंपनी में काम करता है, बीते सप्ताह ही वह अपने घर आया था। बुधवार को वह बाइक से अपने मामा और परिजनों से मिलने के लिए कोपागंज थाना क्षेत्र के फ़तनपुर गया हुआ था। जहां से भोजन करने के बाद रात 11 बजे वह बाइक से निकला था।
अभी वह शहरोज के पास पहुंचा था कि गोरखपुर से मऊ की तरफ जा रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रवि नीचे आ गिरा हेलमेट न पहने होने के चलते सर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक तीन भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था।