कुसुम्हा। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोठा प्रथम के प्रांगण में शैक्षिक संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले और सेवानिवृत्त लगभग 60 शिक्षकों को अंगवस्त्रम् और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और शिक्षक नेता स्व. पंचानन राय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि आज मऊ को नई पहचान और नई दिशा की जरूरत है। अब मऊ में कट्टे की नहीं, कंप्यूटर की जरूरत है। हिंसा की नहीं, शिक्षा और तकनीक की जरूरत है। कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में राष्ट्र निर्माण की शक्ति का सम्मान है। अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई के दौरान डीएवी, मऊ में उन्हें अपने गुरुजनों से जो संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन मिला, वह आज भी उनके जीवन में प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल, शिक्षक नेता कृष्णानंद राय सहित अनेक सम्मानित अतिथि, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सेवानिवृत्त शिक्षकों और प्रबुद्धजनों को किया सम्मानित
वलीदपुर। टड़वा चौबेपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के परिसर में शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों और समाज के प्रबुद्धजनों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित गया। मुख्य अतिथि बीईओ ओम प्रकाश तिवारी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय के तीन शिक्षकों सदफ यास्मीन भूपेंद्र प्रताप सिंह और रामप्रवेश यादव को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान और उपलब्धियों के लिए अंगवस्त्रम, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र देकर कर सम्मानित किया। इंदारा: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के स्कूलों, कालेजों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कई स्कूलों में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को उपहार दिए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों को मत्रमुग्ध कर दिया।
शत -प्रतिशत उपस्थित रहने वाले बच्चों को किया सम्मानित:
मऊ। घोसी ब्लॉक क्षेत्र के धरौली स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक डॉ.रामविलास भारती ने विद्यालय में शतप्रतिशत उपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को कॉपी पेन आदि प्रदान कर सम्मानित गया। बोझी: क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, काॅलेजों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुसूचित प्रकोष्ठ त्रिलोकी प्रसाद, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ संजय सिंह पटेल, जिला सचिव डॉ. अखिलेश कनौजिया, श्याम बली चौहान सहित कार्यकर्ताओं ने प्राथमिक विद्यालय कुड़हनी, पिड़सूई बलुही, प्राथमिक विद्यालय पिड़सूई, जूनियर हाईस्कूल पतजीवा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को अंगवस्त्रम प्रदान कर शिक्षकों को सम्मानित किया।
शिक्षा से जुड़े समाजवादी नेताओं को दिया शिक्षक सम्मान
मऊ। समाजवादी पार्टी की ओर से कार्यालय में शिक्षक दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा से जुड़े समाजवादी नेताओं को शिक्षक सम्मान भी दिया गया। मुख्य अतिथि सांसद राजीव राय ने कहा कि यह बहुत ही सौभाग्य है कि हम एक ऐसे महापुरुष जयंती मना रहे हैं, जो शिक्षक दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने समाजवादी शिक्षक रत्न 2026 का का सम्मान शिवचंद राम, रामबचन मौर्य,रामजीत यादव, अवधेश शर्मा, चंद्रभूषण मौर्य को अंगवस्त्रम और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष विनोद मौर्य ने संबोधित किया।
शिक्षकों के योगदान समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
रतनपुरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के कइया स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी पवन कुमार सिंह ने विद्यालय के बच्चों को स्वादिष्ट खीर-पूड़ी, सब्जी एवं मिठाई खिलाई गई। अतिथियों ने शिक्षकों के योगदान को समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। अतिथियों ने प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार सिंह, राजेश कुमार, अंजली वर्मा, मीना यादव, सरिता सिंह, जयप्रकाश सिंह के कार्यों व विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना किया।