दीवार से टकराई, युवक की मौत , साथी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर पेट्रोलपंप के पास मऊ मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे एक बाइक बेकाबू होकर सड़क के किनारे स्थित एक दीवार से जा बेकाबू बकराई। इस घटना में एक युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन फानन जिला अस्पताल से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानटोला मुहल्ला निवासी राशिद खां 22 पुत्र जिकरु रहमान अपने साथी गोलाबाजार मुहल्ला विजय मद्धेशिया 31 पुत्र राजेंद्र प्रसाद के साथ किसी काम से मुहम्मदाबाद गोहना गया था। शाम को वह साथी के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। जब वे दोनों स्टेट हाइवे पर धर्मसीपुर पेट्रोलपंप से पहले ही चकसोन जाने वाले मार्ग के सामने पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक असंतुलित हो गई और सड़क के किनारे स्थित एक दीवार से जा भिड़ी। इससे बाइक पर पीछे बैठे विजय मद्धेशिया की मौत मौके पर ही हो गई जबकि बाइक चला रहा राशिद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। जबकि पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।विजय की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। विजय की चचेरी बहन की शादी चार फरवरी को होनी है। घर में मांगलिक कार्य की तैयारी चल रही थी कि अचानक विजय की मौत से मातम छा गया।