मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में गत दिनों लगातार हुई बारिश के चलते हुए जलजमाव से लोगों को तमाम दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से दुर्गंध उठ रही है। वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। चिरैयाकोट क्षेत्र में नदी का पानी गांवों में घुस गया है। फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के 20 परिषदीय विद्यालयों के परिसर में जलजमाव से पठन-पाठन बाधित रहा। वहीं दोहरीघाट थाना क्षेत्र के छह से अधिक गांवों में 20 लोगों का कच्चा मकान जमींदोज हो गया। घरों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया। लोग खुले आसमान में जीवन यापन करने को विवश हैं। मंगलवार को भी सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकली तो मौसम सुहावना हो गया। इससे लोग इधर- उधर मस्ती करते देखे गए। बाजारों में चहल पहल रही। लगातार बारिश होने से नगर क्षेत्र के डोमनपुरा, नियाज मोहम्मदपुरा, भीटी, निजामुद्दीनपुरा सहित निचले इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को पानी से होकर आना जाना पड़ रहा था।तमसा के रौद्र रुप धारण करने से नगर सहित तटवर्ती इलाके के लोग दहशत में जी रहे हैं। मधुबन : फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र में मंगलवार को विद्यालय तो खुल गए, लेकिन बीस परिषदीय विद्यालयों में जल जमाव के कारण पठन- पाठन बाधित रहा । नगर पंचायत सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित विद्यालय के बाहर ही शिक्षकों को समय बिताना पड़ा । नगर पंचायत के ऊफरौली, सरस्वती विद्या मंदिर, क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय लौवासाथ, चक्काबोझ, धर्मपुर देवारा, भेड़वरा मल्ल, कोटिया, कुतुबपुर, अलीपुर सहित 20 परिषदीय विद्यालयों के परिसर में जलजमाव रहा। इसके चलते बच्चे विद्यालय नहीं गए । वहीं क्षेत्र के लौवासाथ, धर्मपुर विशुनपुर, ताल रतोई, अलीपुर, रसूलपुर आदमपुर आदि विद्यालयों के रास्ते में जलजमाव के कारण शिक्षकों को विद्यालय तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घोसी: अंग्रेजों के शासन काल में बना मझवारा मोड़ पर स्थित जूनियर हाई स्कूल का एक हिस्सा मंगलवार को गिर गया। यह संयोग ही रहा कि घटना के समय कोई आस पास नहीं था। इससे कोई घायल नहीं हुआ। सूरजपुर: कई दिनों तक हुई लगातार बारिश से दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर हसनपुर सहित आधा दर्जन गांवों में सोमवार की रात 20 लोगों का कच्चा मकान जमींदोज हो गया। घरों में रखा हजारों मूल्य का सामान नष्ट हो गया। पीड़ितों में बाबूराम यादव पुत्र स्व. किशोर यादव, शोलिजान पुत्र स्व. सौकत अली, रामप्यारे यादव पुत्र बलधारी यादव, रामदरश यादव पुत्र स्व. हरदेव यादव, दुईजी देबी पत्नी बलिराज यादव व रामनरेश यादव पुत्र स्व. रामनरेश यादव, सूरजपुर गांव में वैदापुर पुरवा निवासी शशांक पटेल पुत्र स्व. प्रेम पटेल, यशोदा पांडेय पत्नी कमला पांडेय व चकऊथ ग्राम सभा निवासी विजय कुमार पुत्र गोपीचंद, जमुनीपुर ग्राम सभा निवासी शनिचरी देवी पत्नी स्व: सुरेंद्र राजभर, परिखापुर ग्राम सभा निवासी परमावती पत्नी राजभवन, रसूलपुर ग्राम सभा निवासी अवतारी देवी पत्नी काशी सोनकर का कच्चा खपरैल का मकान जमींदोज हो गया।
रतनपुरा संवाददाता के अनुसार लगातार हुई बरसात से सिलसिलाया ब्लाक क्षेत्र के मेउडी कला गांव निवासी लालचंद राम का कच्चा खपरैल का मकान सोमवार की रात ढह गया। इस दौरान मकान में रहने वाले परिजन किसी तरह से अपना जान बचा कर बाहर निकल गए। लेकिन गृहस्थी का सारा सामान मलबें में दबकर नष्ट हो गया।