मऊ। देवी दुर्गा की पूजा पर्व के तीसरे दिन मंगलवार को दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की आराधना की गई। मां दुर्गा की पूजा के लिए नगर सहित जिले के प्रमुख मंदिरों में हजारों भक्तों ने हाजिरी लगाई। तड़के से शुरू हुआ पूजन अर्चन का कार्यक्रम अनवरत देर शाम तक चलता रहा। वहीं घर पर भी नौ दिनों तक अनुष्ठान व व्रत रखने वाले भक्तों ने विधि विधान से पूजन अर्चन किया। मंदिर परिसर माता दी के जयकारे से गूंजायमान होता रहा। नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को नगर के शीतला माता धाम, आजमगढ़ मोड़ स्थित मां सिद्घेश्वरी मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव गांव का अष्टभुजी मंदिर, मांदी सिपाह स्थित मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों मेें मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा का पूजन अर्चन करने के लिए भोर से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही। मां का दर्शन पूजन करने के लिए लोग डंटे नजर आ रहे थे। लाइन में खड़े भक्त प्रतीक्षा करने के बाद जब मां के समीप पूजन अर्चन करने पहुंचे तो वे अपने को धन्य समझ रहेे थे। वहीं लाइन में खड़े लोग मां का जयकारा लगा रहे थे। मौसम सुहावना होने के चलते श्रद्घालुओं की भारी भीड़ रही। मान्यता है कि नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा चंद्रघंटा के रूप में मंदिरों में विराजमान होती हैं। उधर नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में रामलीला का मंचन शुरू होने के कारण देर शाम तक चहल पहल बढ़ गई है।