मधुबन। थाना क्षेत्र के मधुबन घोसी मार्ग पर स्थित अहिरौली माइनर के समीप गुरुवार की दोपहर इलाज कराने जा रहे बाइक सवार दंपती को एक ट्रक ने सामने से टक्कर मार दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, घटना के बाद से आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने परिसर में खड़ा किया है।
मधुबन थाना क्षेत्र के महमूदसराय निवासी उस्मान (40) पुत्र सम्सुल्लाह अपनी पत्नी गुड़िया (35) को लेकर गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे क्षेत्र के अहिरौली स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराने जा रहे थे। जैसे ही वह अहिरौली माइनर के समीप पहुंचे कि सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। इस दौरान जुटें लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिया। सूचना पर मधुबन एसओ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक गंभीर रूप से घायल सम्सुल्लाह की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि गुड़िया घायल पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही घायल महिला को फतहपुर मंडाव सीएचसी भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां वो गंभीर हालत में जीवन और मौत से जूझ रही है। मामले की जैसे ही सूचना घर वालों को हुई वे भागकर जिला अस्पताल पर पहुंचे। घटना से परिजनों में मातम छाया हुआ है।