घर, दुकानों में घुसा पानी, फसल जलमग्न
मकान गिरने से आठ महिलाएं घायल
कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया
अमर उजाला ब्यूरो
नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार को भी बरसात जारी रही। जहां निचले इलाकों में जलभराव से लोग परेशान रहे तो वहीं परदहां ब्लाक क्षेत्र के नाले में उफान से खेतों में लगी 50 बीघा से अधिक धान की फसल जलमग्न हो गई। जलनिकासी न होने से रतनपुरा बाजार के दर्जनों दुकानों और रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के एक गांव के कई घरों में पानी घुस गया। कई स्थानों पर दर्जनों मकान गिर गए जिसमें दबकर किशोर समेत पांच लोग घायल हो गए। शनिवार की रात से शुरू हुई बारिश का कहर रविवार को जारी रही। मध्याह्न तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। अपराह्न बाद बारिश तो बंद रही। आकाश में बादल छाए रहे। मौसम सुहावना रहा। लगातार बारिश होने से नगर क्षेत्र के डोमनपुरा, नियाज मोहम्मदपुरा, भीटी, निजामुद्दीनपुरा सहित निचले इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को पानी से होकर आना जाना पड़ रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग मऊ-गाजीपुर मार्ग जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो गया है। गड्ढों में पानी भर जाने से आनाजाना मुश्किल हो रहा है।
कोपागंज : महुआर में संतरा पत्नी राजकुमार, जगदंबा पुत्र स्व.रामवृक्ष, जसवंत पुत्र स्व. धनई, छोटेलाल पुत्र बृजमोहन, सुमन पत्नी स्व. श्रीचंद, विश्वनाथ पुत्र स्व.रामदेव, बालकृष्ण पुत्र स्व. जमुना, मूलक पुत्र अमृत के कच्चे मकान जमींदोज हो गए। मकान के मलवे में दबकर संतरा पत्नी राजकुमार घायल हो गई। क्षेत्र के भांवरकोल गांव में रविवार की सुबह एक मकान गिर जाने से मीरा (45) पत्नी राधेश्याम घायल हो गई।
हलधरपुर : रतनपुरा विकास खंड के पिण्डोहरी गांव के भालूपुर पुरवे में राजेंद्र राजभर और रामकृत के मकान ढह गए। घटना में राजेंद्र राजभर की गाय मलवे में दबकर मर गई। लाखों की गृहस्थी नष्ट हो गई।
फतेहपुर मण्डाव : मधुबन थाना क्षेत्र के लखनौर में मिट्टी की दीवार गिर गई। इससे 18 वर्षीय पूनम पुत्री रामअवध गंभीर रूप से घायल हो गई। कटघरा शंकर के गोसाई टोला में मिट्टी की दीवार गिरने से आठ वर्षीय किशोर राकेश पुत्र हरिन्द्र घायल हो गया। चन्द्रापार निवासी रीमा 19 पुत्री राजकुमार घायल हो गई। तीनों का प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रतनपुरा : कई दिनों से लगातार बारिश होने से रतनपुरा बाजार के दर्जनों दुकानों में पानी घुस गया। इससे दुकानों में रखा हजारों मूल्य का सामान खराब हो गया। तमसा नदी में उफान से तटवर्ती इलाकों के किसानों को फसल नुकसान की चिंता खाए जा रही है।
बढुआ गोदाम : चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से परदहां ब्लाक के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारी जलभराव से कई यूनिटों में कामकाज बाधित हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के कैंपस में बारिश का पानी जमा होने से अनाज की निकासी बंद हो गई है। जबकि नाले में उफान आने से ताजोपुर गांव स्थित ओड़हरा मौजा में किसानों की 50 बीघा से अधिक धान की फसल डूब गई है।
इनसेट:
मंडूसरा में कई घर पानी में डूबे
रानीपुर। ब्लाक के मंडूसरा गांव की कई बस्तियों में लोगों के घरो में पानी घुस गया है। लोगों के घरों के बाहर कमर तक पानी भर गया है। लोगों को पानी में घुसकर आना जाना पड़ रहा है। इसी ब्लाक के रानीपुर ,बकरी और धर्मसीपुर और पलिगढ़ गांवों के कई लोगों के घर पानी से घिर गए हैं। मंडूसरा निवासी श्रीकिशुन पासवान, गीता, सुरेंद्र सिंह, उदयप्रताप सिंह, निर्मला , सुषमा , कांती , मैना सोनम के घर गिर गए हैं। जबकि इसी गांव की जलावती , शीला , रमावती सहित कई लोगों के घर पानी में डूब गए हैं। रानीपुर के विंन्ध्याचल और सुरेंद्र चौहान तथा धर्मसीपुर निवासी यशंवत पाल और बकरी गांव के तारकेश्वर सिंह , ज्ञान शंकर सिंह और राजेंद्र सिंह के घर गिर गया है।
दुर्गा पंडालों में भरा पानी
रतनपुरा। बरसात से पूजा पंडालों में पानी लगा हुआ है। दुर्गा माता का महोत्सव कैसे मनाया जाएगा, कैसे पंडालों की सजावट होगी। इसको लेकर के कमेटी के सदस्यों की चिंता बढ़ गई है।
इनसेट:
पुलिया टूटने से आवागमन बाधित
मधुबन। क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले दरगाह-सिकड़ी कोल मार्ग की पुलिया टूट गई है। जिससे लोगों को तहसील पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। मामले की जानकारी होते ही एसडीएम लालबाबू दुबे ने मौके का जायजा लिया।
इनसेट:
मधुबेन बेल्थरा रोड पर कई पेड गिरे, घंटों बाधित रहा यातायात
मधुबन। मधुबन बेल्थरा रोड मुख्य मार्ग पर स्थित रामपुर बेलौली, ढिलई फिरोजपुर, फतहपुर में कई पेड़ गिर गए। इससे मधुबन बेल्थरा रोड मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। बाइक सवार व वाहन चालकों को बाई पास नन्दौर बेलौली नहर का सहारा लेना पड़ा।नगर पंचायत के सब्जी गली,गुप्ता गली,जायसवाल गली,वार्ड नं 13 के मदरसा के समीप के मुहल्ले व वार्ड नं 8 के आस्था अस्पताल मार्ग पर पानी जमा हो गया है।