मऊ। नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में नगर पालिका द्वारा वाटर पार्क बनाने जा रही है। इसको लेकर पालिका द्वारा बकायदा प्रस्ताव भी बनाया जा चुका है। जिसे बीते बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया है। यह वाटर पार्क तालाब बेस्ड थीम पार्क में खाली जगह में बनाया जाएगा। यानी एक ही जगह पर मार्निग वॉक, योगाभ्यास के साथ हर वाटर पार्क की सुविधा उपलब्ध होगी। वाटर पार्क बनने से नगर पालिका के आय में जहां बढ़ोत्तरी होगी, वहीं लोगों को निजी वाटर पार्क से कम दर पर वाटर पार्क में मस्ती करने का मौका मिलेगा।
नगर पालिका के वार्ड नौ निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में स्थित डेढ़ एकड़ जमीन में 20 फीसदी जगह में अमृत योजना के तहत 50 लाख रुपये की लागत से तालाब बेस्ड थीम पार्क का निर्माण वर्ष 2018 से शुरु किया गया था। वैसे तो इस कार्य को एक वर्ष के अंदर पूरा करना था। लेकिन बजट के अभाव में केवल बांउड्री वाल बनने तक कार्य सिमट कर रह गया है। उधर गत दिवस बोर्ड बैठक में नगर पालिका ने खाली जगह पर वाटर पार्क बनाए जाने का प्रस्ताव बनाया है। वहीं शासन से अमृत योजना के तहत अधूरे पार्क के कार्य को पूरा करने के लिए दूसरी किस्त में बजट जारी करने की मांग की।
नगर पालिका के वाटर पार्क बनाए जाने से नगर में ही लोगों को बोटिंग तथा अन्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध होंगे। वहीं तालाब बेस्ड थीम पार्क पूरा होने से उन्नत मार्निंग पाथवे के साथ योगा सेंटर की सुविधा मिलेगी। इस बाबत नपाध्यक्ष तैयब पालकी का कहना है कि वाटर पार्क को लेकर प्रस्ताव बनाया जा चुका है। बोले कि इससे नगरवासियों के लिए मनोरंजन का साधन तो उपलब्ध होगा ही साथ ही साथ नपा के आय में वृद्धि भी होगी।
निजामुद्दीनपुरा मुहल्ला निवासी रमाकांत पांडेय ने कहा कि नपा का यह प्रस्ताव बहुत ही अच्छा है। लेकिन इस समय से पूरा करे, तभी इसका लाभ लोगों को मिलेगा। क्योकि आजकल कोई भी परियोजना समय से पूरा नहीं हो पाती ऐसे में उसकी लागत बढ़ जाती है। नगर क्षेत्र के दीपक रावत ने कहाकि नगर पालिका की तरफ से वाटर पार्क का प्रस्ताव तो बहुत अच्छा है, लेकिन जरूरी है कि उसके रख रखाव का ध्यान भी रखा जाए। क्योंकि आमतौर पर सरकारी व्यवस्थाएं आगे चलकर रख रखाव के अभाव में बदहाल हो जाती है।
शहर की रहने वाली शिवानी दुबे ने कहा कि इस सुविधा के लिए लोगों को शहर से दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब लोगों को दूर नहीं जाना होगा। लेकिन आवश्यक है कि जनता और विभाग दोनों इस सुविधा को स्वच्छ रखने में पूरा सहयोग प्रदान करें। सरोज पांडेय ने कहा कि वाटर पार्क बनाए जाने का प्रस्ताव बेहद ही सकारात्मक है। लेकिन केवल प्रस्ताव ही नही इसे समय सीमा में पूूरा कराने का प्रयास भी होना चाहिए। इसके अलावा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना होगा, ताकि लोग इसका उपयोग कर सकें।