Mau News : मऊ जिले के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के पिपराडीह बाजार में अचानक आग लगने से गुमटी में रखा सिलिंडर ब्लास्ट कर गया। सिलिंडर फटने से दूर-दूर तक धमाके की आवाज गूंज गई। गनीमत रही कि रात होने के चलते बाजार बंद था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया।
मऊ जिले के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के पिपराडीह बाजार में चाय नाश्ते की दुकान में बुधवार की देर रात आग लग गई। इस दौरान दुकान में रखा गैस सिलिंडर भी आग की जद में आकर फट गया लेकिन रात होने से बाजार बंद था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
विज्ञापन
यह है मामला
जानकारी के अनुसार सराय लखंसी थाना क्षेत्र के भार गांव निवासी बल्लू गोंड की पिपरीडीह बाजार में चाय समोसे आदि की दुकान है। बुधवार की देर शाम करीब सात बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। इसी बीच लगभग नौ बजे के करीब में गुमटी के अंदर ही अज्ञात कारणों से आग लग गई।
विज्ञापन
जब तक आसपास के लोग कुछ समझते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, वहीं इसी बीच गुमती में रखा गैस सिलिंडर आग में घी का काम कर गया। सिलिंडर फटने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सिलिंडर फटने से पूर्व वहां काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा थी। गनीमत रही कि आग का विकराल रूप देखकर लोग दूरी बना लिए, वरना भीषण हादसा हो सकता था।
आग लगने की सूचना मिलते ही पिपरीडीह चौकी इंचार्ज केसर यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। सिलिंडर ब्लास्ट के कारण गुमटी में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। सिलिंडर ब्लास्ट की आवाज काफी दूर तक गूंज गया।