मतदान के लिए बूथ पर खड़े मतदाता (फाइल फोटो)
- फोटो : Amar Ujala Digital
कृषि मंडी परिसर स्थित मतगणना स्थल पर बृहस्पतिवार को वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू हुई। इस पर सीसीटीवी कैमरे के जरिए नजर भी रखी गई। मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार की शाम तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था।
6 बजे तक आए रुझाने के अनुसार मऊ सदर से अब्बास अंसारी, घोसी से सपा के दारा सिंह चौहान, मोहम्मदाबाद सीट से सपा के राजेंद्र कुमार और मधुबन से बीजेपी के राम बिलास चौहान आगे चल रहे हैं।
मतगणना स्थल पर हर विधानसभा वार 14-14 काउंटर बनाए गए थे। वोटों की गिनती के समय प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी के सिर्फ एक ही एजेंट को रहने की इजाजत थी। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मतगणना के लिए विधानसभा वार चार मतगणना हाल बनाये थे। सुरक्षा के दृष्टिगत मतगणना स्थल के प्रत्येक गेट पर सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती थी। प्रत्याशियों और एजेंटों की गाड़ियों के पार्किंग की व्यवस्था बलिया रोड पर तथा मतगणना कार्मिकों हेतु गेट नंबर एक के सामने स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।
मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए मीडिया एवं प्रत्याशियों, एजेंटों के लिए गेट नंबर तीन का चयन किया गया था। यह लोग गेट नंबर तीन से ही अंदर प्रवेश कर पाए। गेट नंबर तीन के सामने ही मीडिया सेंटर की स्थापना की गई थी, जहां पर उनके बैठने एवं सजीव प्रसारण देखने हेतु एलईडी की व्यवस्था थी। मतगणना के लिए 224 मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई थी। मुख्य गेट के अलावा विधानसभा वार हालों में भी लाउडस्पीकर की व्यवस्था की गई थी, जिससे सूचनाओं का प्रसार किया गया।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मतगणना कार्य में लगे कर्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन मतगणना शुरू होने के पूर्व की गई। इस दौरान समस्त सामान्य प्रेक्षक भी उपस्थित रहे। तृतीय रेंडमाईजेशन के उपरांत मतगणना कार्य में लगे कर्मियों के टेबल का निर्धारण किया। उन्होंने बताया कि मतगणना कर्मी सुबह छह बजे अपने निर्धारित टेबल पर उपस्थित हुए, ताकि समय से मतगणना कार्य प्रारंभ हो सके। मतगणना कार्य से जुड़े लोगों के अलावा अन्य लोगों के लिए मतगणना स्थल से 200 मीटर की दूरी प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित था, अनाधिकृत लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।