मऊ कोपागंज नगर पंचायत में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का डीएम अमित बंसल ने बृहस्पतिवार की दोपहर निरीक्षण किया।
डीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में कोई विरोध कर रहा है तो तुरंत सूचना दें। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीएम ने नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर के कार्यालय के लिए जमीन का निरीक्षण किया। बता दें कि कस्बे के मुख्य मार्ग से लेकर बाजार में अतिक्रमण है। इसके चलते राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। कोपागंज थाना से लेकर भातकोल मोड़ तक अतिक्रमण है। इसके चलते दिन में कई बार यहां जाम की स्थिति बन जाती है।
ऐसी ही स्थिति कस्बे के मुख्य बाजार की है। दुकानदार सड़क पर सामान रखकर दुकानदारी करते हैं। अतिक्रमण हटाने को लेकर दो दिन पूर्व से ही नगर पंचायत द्वारा चेतावनी दी जा रही थी। कस्बे में बुधवार की शाम नगर पंचायत व पुलिस की टीम के साथ अतिक्रमण हटाया गया था। इसके बाद बृहस्पतिवार की दोपहर अतिक्रमण हटाओ अभियान का निरीक्षण करने डीएम अमित बंसल पहुंचे। डीएम ने कस्बा के कसारा मोड़, भातकोल मोड़, रेलवे स्टेशन रोड आदि का निरीक्षण किया। कस्बावासियों से अतिक्रमण न करने की अपील की।