नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर मंगलवार को 30-30 ओवर के दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में आजमगढ़ ने मऊ को हराया, जबकि दूसरे मैच में मऊ ने बेल्थरा रोड को पराजित किया।
पहला मैच वेदांत क्रिकेट क्लब मऊ और दिलौरी क्रिकेट अकादमी, सराय रानी (आजमगढ़) के बीच खेला गया। इसमें मऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 66 रन पर ऑल आउट हो गई। मऊ की ओर से वीर सिंह ने सर्वाधिक 16 रन बनाए।
आजमगढ़ की ओर से गेंदबाज आरव ने तीन विकेट, जबकि शिवम, अंशु और आर्यन ने दो-दो विकेट लिए। किशन और अर्पित को एक-एक विकेट मिला।
67 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिलौरी क्रिकेट अकादमी की टीम ने आठ विकेट गंवा दिए, लेकिन शिवम की 25 रनों की सूझबूझ भरी पारी की बदौलत दो विकेट से मैच जीत लिया। मऊ की ओर से आदित्य सिंह ने तीन विकेट, जबकि विराट सिंह और वीर सिंह ने दो-दो विकेट लिए। अयान अग्रवाल और बेलाल को एक-एक विकेट मिला। इस मैच में आरव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरा मुकाबला बेल्थरा क्रिकेट अकादमी और मऊ क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। इसमें मऊ ने टॉस जीतकर बेल्थरा रोड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बेल्थरा रोड की टीम 15 ओवर में 125 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
बेल्थरा की ओर से आदित्य यादव ने 39 रन, अयान खान ने 23 रन और अमित ने 19 रन बनाए। मऊ की ओर से अनमोल यादव और असल ने तीन-तीन विकेट, जबकि उत्कर्ष और आयुष ने दो-दो विकेट लिए।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मऊ की टीम ने तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। श्रेयांश यादव ने शानदार 50 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। बेल्थरा की ओर से आदर्श ने दो और रजब खान ने एक विकेट लिया। इस मैच में अनमोल यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दोनों मैचों में स्कोरिंग प्रिंस सरोज ने की। अंपायरिंग राघवेंद्र सिंह और अंकित कुमार ने की।