नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर मंगलवार को अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में जीयनपुर क्रिकेट एकेडमी और मऊ चैलेंजर क्लब के बीच 40-40 ओवरों का मैच खेला गया। इसमें मऊ चैलेंजर ने जीयनपुर को 66 रन से हरा दिया।
जीयनपुर की टीम ने टॉस जीतकर मऊ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, जिसका पूरा फायदा चैलेंजर मऊ के खिलाड़ियों ने उठाया। 37.5 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर टीम ने 280 रन बनाए।
चैलेंजर मऊ की ओर से जीशान अहमद ने 91 गेंदों में 112 रन, राघवेंद्र सिंह ने 36 गेंदों पर 79 रन, आर्यन राव ने 26 रन और यश रघुवंशी ने 18 रन का योगदान दिया। जीयनपुर की ओर से अतिरिक्त 24 रन दिए गए। वहीं जीयनपुर के गेंदबाज अजीत यादव, रूपा यादव और विवेक यादव को 2-2 विकेट मिले, जबकि सचिन, हर्षवर्धन और अभिषेक को 1-1 विकेट मिला।
281 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीयनपुर की टीम के बल्लेबाज अतुल मौर्य ने 63 रन, विवेक यादव ने 52 रन, ओमकेश यादव ने 27 रन और अजीत यादव ने 20 रन बनाकर प्रयास किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी टीम 36.5 ओवर में 220 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
चैलेंजर मऊ की ओर से गेंदबाज यश रघुवंशी ने 3 विकेट लिए। करन सिंह और राघवेंद्र सिंह को 2-2 विकेट मिले, जबकि प्रिंस, दीपक और जीशान को 1-1 विकेट मिला।
मऊ चैलेंजर टीम के जीशान अहमद को 112 रन बनाने और 1 विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के अंपायर राजेश भारद्वाज और विकास राय रहे। स्कोरिंग प्रवीण चौरसिया ने की।