मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बीजपुरा गांव निवासी विवाहिता ने मंगलवार की रात संदिग्ध हाल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई। पड़ोसियों के सूचना देने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर महिला का गलाघोंट मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर सौंपा। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
घोसी कोतवाली के नदवासराय गांव निवासी फूलचंद पुत्र जूड़ी ने अपनी पुत्री रीना 27 की शादी घोसी कोतवाली क्षेत्र के बीजपुरा गांव निवासी मिलन पुत्र खरक के साथ छह दिसंबर 2019 को किया था। मृतका के बड़े पिता रामबदन ने आरोप लगाया कि शादी कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले उसकी पुत्री से दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे थे। इस बीच कई बार समझौता भी हुआ लेकिन ससुराल वालों पर इसका कोई प्रभाव नही हुआ। इसका परिणाम रहा कि शादी के 16 माह बाद ही बुधवार की भोर में गाला दबा कर हत्या कर दिए। साथ ही मृतका के पांच माह के बच्चे को लेकर घर से सभी ससुराल वाले फरार हो गए।
मायके वालों की सूचना पर मौके पर नदवासराय चौकी प्रभारी आदर्श श्रीवास्तव के साथ क्षेत्राधिकारी और घोसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेख़र सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ घोसी और कोतवाल ने मामले की जांच फोरेंसिक टीम से कराने का आदेश दिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच और पीएम रिपोर्ट आने पर दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।