घोसी कोतवाली के बलूही बाजार में हादसे के बाद जमा भीड़
- फोटो : credit
घोसी कोतवाली क्षेत्र के बलुही बाजार में सोमवार शाम करीब चार बजे सड़क दुर्घटना में चानमुनी देवी (55) की मौत हो गई। बेटा पिंटू यादव (23) और दूसरी बाइक के चालक रामचंद्र (60) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर 2019 में चानमुनी के पति की भी हादसे में मौत हो गई थी।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पतजीवा निवासी चानमुनी देवी अपने छोटे बेटे पिंटू यादव के साथ बाइक से अमिला जा रही थीं। बलुही बाजार के पास उनकी बाइक की अमिला की ओर से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद चानमुनी देवी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान दरगाह की ओर से सरिया लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक घटनास्थल से कुछ दूर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। दूसरी बाइक चला रहे टेसूपार निवासी रामचंद्र भी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ग्रामीणों ने अस्पताल भेजवाया।
घटना की सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों बाइकों और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली गई। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000000000000
7 साल बाद फिर परिवार पर हादसे का कहर
बलुही बाजार के समीप हुए सड़क हादसे ने एक परिवार के पुराने जख्म फिर से हरे कर दिए। चानमुनी देवी के पति शीमल यादव की वर्ष 2019 में इसी स्थान से लगभग 500 मीटर की दूरी पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय भी वह घर से बाजार जा रहे थे। सोमवार को जब चानमुनी देवी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत की सूचना परिजन मौके पर पहुंचे तो वर्षों पुराना हादसा उनकी आंखों के सामने ताजा हो गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की कुछ ही दूरी के भीतर सड़क दुर्घटना में मौत होने से परिजन बदहवास हो गए।