घोसी स्थित मैदान पर आयोजित मैच में शाट लगाता बल्लेबाज। संवाद
घोसी स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर शनिवार को खेले गए 40-40 ओवर के एकतरफा मुकाबले में स्पोर्ट्स विलेज घोसी ने आरएस क्रिकेट एकेडमी गोलाबाजार को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोलाबाजार की टीम घोसी के गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आई और 34.1 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
गोलाबाजार की ओर से अमित ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि हिमांशु ने 22, प्रिंस ने 21, हरिओम ने 19 और संदीप ने 16 रन का योगदान दिया। घोसी की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए गौरव ने तीन विकेट झटके, जबकि प्रदीप और रवि ने दो-दो विकेट तथा दिव्यांश और आर्यन ने एक-एक विकेट लिया।
जीत के लिए मिले 153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी घोसी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और 18.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाकर आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।
घोसी की ओर से हंसराज ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए। इसके अलावा आदर्श ने 36 और सचिन ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोलाबाजार की ओर से मलखान और अंश ने एक-एक विकेट लिया।
शानदार गेंदबाजी के लिए गौरव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले में सुमित और अंकित ने अंपायरिंग, जबकि अनिल ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी निभाई।