मऊ। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नवनियुक्त शिक्षकों का तीन दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला मंगलवार को नगर स्थित राजकीय बाकिला इंटर कालेज में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा अभियान चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव ने किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक एवं प्रशिक्षण के सह संयोजक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव न कहा कि शिक्षा में नवाचार के लिए बेहतर शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य किया जाए। शिक्षक जीवन में अनुशासन बहुत ही आवश्यक है। प्रशिक्षक शशिप्रकाश राय, आरएन मिश्रा ने कक्षा प्रबंधन, कमजोर बच्चों को उपचारात्मक शिक्षण तथा माइक्रो टीचिंग, विद्यालयीय संरचना एवं पाठ्य सहगामी क्रिया कलापों के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला। इसी क्रम में डॉ. संतोष पांडेय,डॉ. संदीप राय ने विभिन्न गतिविधियों के द्वारा शिक्षा को रोचक बनाए जाने संबंधी जानकारी दी। इस अवसर पर नवनियुक्त शिक्षक संजय कुमार यादव, मानवेंद्र नाथ यादव, अजय कुमार पांडेय, अमित कुमार सिंह, रेखा गुप्ता, मालती वर्मा, आराधना तिवारी, सीमा देवी, राकेश कुमार बर्नवाल, गोविंद चैहान, वंदना सिंह, पूनम गुप्ता, कन्हैया यादव आदि उपस्थित रहे।