मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पुरानी तहसील स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में मंगलवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें गोदाम के भवन की तीसरी मंजिल से उठीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में गोदाम में रखा टेंट, बिस्तर और सजावट का लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
मौके पर मौजूद बचाव टीम
- फोटो : अमर उजाला
गोदाम से उठती ऊंची लपटों और काले धुएं को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण पड़ोस के घरों में भी आग फैलने की आशंका से लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बाल्टी और सबमर्सिबल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर मौजूद बचाव टीम
- फोटो : अमर उजाला
दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान के आकलन और घटना की जांच में जुटी है।