मऊ। घोसी नगर के मझवारा तिराहा का सुंदरीकरण होगा। लोक निर्माण विभाग की तरफ से चौड़ीकरण होने के बाद अब गांधी तिराहे के सौंदर्यीकरण की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत की ओर से लगभग 12 लाख रुपये की लागत से तिराहे का कायाकल्प कराया जाएगा, इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
घोसी नगर का मझवारा मोड़ तिराहा महत्वपूर्ण स्थान है। चौड़ीकरण के बाद यहां उपलब्ध स्थान और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है।
सौंदर्यीकरण कार्य के तहत तिराहे को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। यहां महात्मा गांधी की खड़ी मुद्रा में प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा के चारों ओर फूल-पत्तियों और हरियाली से सजावट की जाएगी, जिससे तिराहे का स्वरूप और बेहतर दिखाई देगा।
गांधी प्रतिमा खुले स्थान पर थी। सौंदर्यीकरण के बाद प्रतिमा को छत के नीचे सुरक्षित स्थान दिया जाएगा, इससे प्रतिमा को धूप, बारिश सहित मौसम के प्रतिकूल प्रभावों से बचाने में भी मदद मिलेगी।
नगर पंचायत का उद्देश्य केवल तिराहे को सुंदर बनाना ही नहीं, बल्कि महात्मा गांधी की प्रतिमा के माध्यम से स्वच्छता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक समरसता के उनके संदेश को भी सार्वजनिक स्थान पर प्रभावी ढंग से स्थापित करना है।
इस संबंध में दुर्ग विजय चौरसिया, रमेश चंद का कहना है कि प्रमुख चौराहों और तिराहों का व्यवस्थित विकास शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ लोगों में सार्वजनिक स्थलों के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करता है।
ऐसे स्थानों पर हरियाली और साफ-सफाई की व्यवस्था होने से नगर के वातावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस बाबत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि सौंदर्यीकरण कार्य के तहत तिराहे को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। संवाद