शहीद इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हुई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कॉलेज प्रबंधक प्रमोद कुमार मल्ल ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में 250 अंक हासिल कर मधुबन तहसील प्रथम स्थान पर रही। मऊ सदर 231 अंकों के साथ दूसरे, घोसी 62 अंकों के साथ तीसरे और मुहम्मदाबाद गोहना 55 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मऊ सदर के बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज की शिवांगी कनौजिया ने सीनियर बालिका वर्ग की 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कॉलेज की खुशी गोंड़ ने जूनियर बालिका वर्ग की ऊंची कूद, भाला फेंक और 100 मीटर दौड़ में बाजी मारी। अंशिका बाजपेयी ने 200 और 400 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल किया।
भामाशाह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ख्वाजाजहांपुर की अन्नू राजभर ने सब जूनियर बालिका वर्ग की 400 और 600 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में पहला स्थान प्राप्त किया।
वहीं, विक्ट्री इंटर कॉलेज, दोहरीघाट के प्रशांत कुमार ने सीनियर बालक वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। दयानंद इंटर कॉलेज, इटौली के किशन राजभर ने जूनियर बालक वर्ग की 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ में बाजी मारी। इसी वर्ग में श्रेष्ठ ने सब जूनियर बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार मल्ल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की जरूरत है।
उन्होंने विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्था में सचिव संजय सिंह की प्रमुख भूमिका रही।