मधुबन। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उपशाखा मधुबन के मंत्री पद पर शुक्रवार को बृजेंद्र कुमार गोंड़ को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। तहसील सभागार में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके नाम पर सभी लेखपालों ने सर्वसम्मति से समर्थन जताया। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही साथियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि उपशाखा के तत्कालीन मंत्री चेतन चौहान के गाजियाबाद प्राधिकरण में समायोजित होने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। संगठन के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए रिक्त पद को भरने हेतु विशेष चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई।
निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एवं मोहम्मदाबाद तहसील अध्यक्ष अनिल यादव तथा विवेक कुमार राय की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक में बृजेंद्र कुमार गोंड़ के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका उपस्थित सभी लेखपालों ने समर्थन किया। किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन न किए जाने पर उन्हें निर्विरोध मंत्री निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राहुल, विवेक कुमार राय, आलोक सिंह, सत्यम मल्ल, अनिल कुमार यादव, शरद यादव, दिनेश शाह, निलेश मौर्य, नीतीश राय, शरद चंद्र पांडेय, अनिल कुमार सहित तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित मंत्री को बधाई देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई।