मऊ। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 8 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने किया। उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में आजमगढ़ मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर मंडल को 6-0 से पराजित किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी डी.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि का गुलदस्ता भेंट कर एवं बैज लगाकर स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और पूरी लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों के अलावा स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की टीमें भी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 340 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन पांच मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मुरादाबाद मंडल और अलीगढ़ मंडल के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मुरादाबाद की ओर से जग्गू और राजकुमार, जबकि अलीगढ़ की ओर से रय्यान और आकाश ने गोल किए।
दूसरे मैच में बरेली मंडल ने एकतरफा खेल का प्रदर्शन करते हुए आगरा मंडल को 5-0 से हराया। बरेली की ओर से शंकर, आदित्य और आनंद ने गोल दागे।
तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने आतिफ और रोहित के शानदार प्रदर्शन की बदौलत प्रयागराज मंडल को 5-0 से शिकस्त दी।
चौथे मुकाबले में आजमगढ़ मंडल ने सहारनपुर मंडल पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। सलमान, कासिम और आसिफ के शानदार गोलों की मदद से आजमगढ़ ने सहारनपुर को 6-0 से हरा दिया। दिन के अंतिम मुकाबले में कानपुर मंडल ने चित्रकूट मंडल को 3-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।
उद्घाटन समारोह का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी (आजमगढ़) जय प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ मऊ के सचिव आनंद सिंह, संयुक्त सचिव अयुब अख्तर खान, जिला हॉकी संघ मऊ के अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह, जिला फुटबॉल संघ मऊ के सचिव हाजी मुनव्वर अली, राजीव कुमार जायसवाल, अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ, रितेश दास, सोनिया कुमारी एवं रीमा यादव सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।