मुहम्मदाबादगोहना। स्थानीय कस्बा के यंग अंसार स्पोर्टिंग क्लब मैदान पर प्रेमा गुप्ता फाउंडेशन के तरफ से आयोजित राज्यस्तरीय फुटबाॅल टूर्नामेंट में शुक्रवार को दो मैच खेला गया। पहले मैच में लखनऊ की टीम ने मेजबान यंग अंसार स्पोर्टिंग क्लब को एक मात्र गोल से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरे मैच में डीएलडब्ल्यू की टीम ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाया।
शुक्रवार को पहला मैच लखनऊ और यंग अंसार स्पोर्टिंग क्लब खैराबाद के बीच खेला गया। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल दिखाया। पहले हाफ में दोनों टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। दूसरा हाफ शुरू होते ही लखनऊ के खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल दिखाते हुए एक खूबसूरत फील्ड गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाया।
इसके बाद खैराबाद की टीम ने बराबरी करने का पूरा प्रयास किया लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। इस प्रकार लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लिया। दूसरा मैच डीएलडब्लू वाराणसी और स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी के बीच खेला गया। हाफ टाइम तक दोनों टीम कोई गोल नहीं कर सकी। हालांकि स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी की टीम ने विपक्षी टीम के गोल पोस्ट पर कई आक्रमण किया लेकिन गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। दूसरे हाफ में डीएलडब्ल्यू की टीम में 10वें मिनट में एक जमीनी गोल कर बढ़त बना लिया। स्पोर्टस हस्टल वाराणसी की टीम संभल ही नहीं पाई थी कि 20वें मिनट में डीएलडब्लू को कार्नर मिला। खिलाड़ी ने कॉर्नर पर खूबसूरत गोल करते हुए अपनी टीम को दो गोल की बढ़त दिला दिया। खेल समाप्ति तक स्पोर्टस हॉस्टल वाराणसी की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।इस प्रकार डीएलडब्लू की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई।