मऊ। घोसी में बीते रविवार सुबह शराब के नशे में महिला की हत्या और चार लोगों के घायल होने की घटना के बाद सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिकों ने कस्बा खास स्थित शराब की दुकान को मुख्य बाजार से हटाने की मांग को लेकर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता उद्देश्य पाण्डेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने घोसी तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शराब की दुकान के आसपास नशे में धुत लोग राहगीरों से हाथापाई करते हैं और महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इससे स्थानीय नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। रविवार की घटना के बाद यह डर और बढ़ गया है।क्षेत्रवासियों ने जनहित और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुकान को कस्बा बाजार से दूर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उद्देश्य पांडेय, अतुल शर्मा, रामकिशुन, विनोद कुमार, आलोक, दलीप, सरस्वती, इंदु, रीना आदि मौजूद रहे।