कोपागंज के शाहपुर गांव के उसरा पर डकैती के बाद मुर्गी फार्म में जांच करते थानाध्यक्ष और स्वाट टीम
- फोटो : MAU
इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुधवार की रात 12 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने मुर्गी फार्म में घुसकर लूटपाट की। तमंचे की नोक पर बदमाश ढाई घंटे तक उत्पात मचाते रहे। लेकिन पुलिस का कही पता नहीं चला। पूरी वारदात सीसी टीवी कैमरे में कैद होती गई। घटना को अंजाम देकर जाते समय बदमाशों को सीसी टीवी कैमरा लगा होने की जानकारी हुई। इस पर वो कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिए। वहीं पुलिस डकैती की इस घटना को चोरी की घटना में दर्ज कर बदमाशों की शनाख्त कराने में जुटी है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मऊ शहर के निवासी महताब आलम पोल्ट्री फार्म खोले हैं। पोल्ट्री फार्म की रखवाली देवरिया जिले के भागलपुर गांव निवासी भुट्टन विश्वकर्मा के जिम्मे थी। भुट्टन परिवार के साथ फार्म हाउस पर बने कमरे में रहता है। भुट्टन ने बताया कि बुधवार की रात करीब एक बजे एक दर्जन नकाबपोश बदमाश उसके पोल्ट्री फार्म पर पहुंचे। इस दौरान बदमाशों ने उसे असलहा दिखाकर पहले उससे मोबाइल ले लिया। इसके बाद चाभी मांगकर कमरे को खंगाला। इसके बाद बदमाशों ने उसकी पत्नी और मां के द्वारा पहने गए आभूषणों को निकलवा लिया। जाते समय बदमाश पोल्ट्री फार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त करते गए। इसके बाद बदमाश पोल्ट्री फार्म के सामने रहने वाले राजेश यादव के घर पर धावा बोले, यहां बदमाशों ने राजेश को तमंचा दिखाकर उसकी पत्नी के गहने उतवाए। घटना के बाद बदमाशों ने सभी को चुप रहने की धमकी देकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर थानाध्यक्ष कोपागंज अजय तिवारी मौके पर पहुंचे। बृहस्पतिवार की सुबह एसओजी टीम मौके पर पहुंच कर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में जुटी। थानाध्यक्ष कोपागंज अजय तिवारी ने बताया कि मामला लूट और डकैती का नहीं बल्कि चोरी का है, सीसीटीवी कैमरे में चोरी करते हुए कुछ लोग दिख रहे हैं जो कि परिवार के सदस्यों के जगने पर फरार हो गए।
48 घटना में दूसरी घटना, पुलिस की कार्यशैली पर उठा सवाल
मऊ। जिले में बढ़ रहे लगातार चोरी, डकैती के मामले से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहा है। बीते 48 घंटे में जिले में डकैती की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बीते 13 अक्तूबर को घोसी कोतवाली के बोझी तथा कुड़हनी गांव में बने दो ईंट भठ्ठे पर 12 से ज्यादा की संख्या में कच्छा बनियान पहने बदमाशों ने असलहे के नोक पर मजदूरों के पास रखा नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।