चिलचिलाती धूप में नगर के एटीएम पर गुरुवार को लंबी लाइनें लगी रहीं। लगातार छुट्टियों के चलते काफी दिन बैंक बंद रहे। यहीं आलम गुरुवार को भी रहा। गुरुवार को भी हजरत अली के जन्मदिन के उपलक्ष्य में छुट्टी रही।
इससे बैंक बंद रहे। इससे लोगों के बैंकिंग के काम नहीं हो सके। खासकर शादियों के मौसम में खरीदारी करने वालों को काफी दिक्कत हुई। क्योंकि बैंकों के साथ शहर के कई इलाकों में एटीएम भी बंद रहे। केवल सहादतपुरा बाजार में लगे दो एटीएम लोगों का सहारा बने। लोगों से बात करने पर पता चला कि उनमें से कई पड़ोसी जिलों के रहने वाले हैं। यहां खरीदारी करने आए थे। लेकिन एटीएम बंद रहने से चिलचिलाती धूप में परेशान हो रह हैं।
रविवार की बंदी, उसके बाद महावीर जयंती और गुरुवार को हजरत अली के जन्मदिन पर प्रदेश सरकार ने छुट्टी की घोषणा कर दी। इससे बैंक बंद रहे। नगर में एटीएम के हालात और भी बदतर हैं। या तो एटीएम बंद रहते हैं या उनमें धन नहीं होता। गुरुवार को छुट्टी के दिन तो लगभग सारे ही एटीएम बंद रहे।
चिलचिलाती धूप में लगन की खरीदारी करने पहुंचे लोगों को उस वक्त परेशान होना पड़ा। जब शहर के अधिकांश इलाके जैसे रोडवेज, सिंधी कालोनी, रेलवे स्टेशन, सदर चौक, संस्कृत पाठशाला आदि स्थानों पर बैंकों के एटीएम बंद नजर आए।
बस शहर के बाजार यानी सहादतपुरा में मौजूद एचडीएफसी और गाजीपुर तिराहे पर लगा यूनियन बैंक एटीएम ने ही लोगों को सहारा दिया। लेकिन यहां भी दिन भर जद्दोजहद करनी पड़ी। इन दोनों एटीएम के अलावा शहर के आजमगढ़ तिराहे पर मौजूद एक्सिस बैंक का एटीएम और चर्च कंपाउंड का स्थित स्टेेट बैंक का एटीएम, गाजीपुर तिराहे पर लगा बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम भी बंद रहा।