पीएम के आगमन को लेकर तैयारी शुरू
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई को मऊ जिले की घोसी लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। रतनपुरा के मेउडी ग्राम सभा में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी करीब 40 मिनट के लिए जनपद में एनडीए प्रत्याशी डॉक्टर अरविंद राजभर के पक्ष में जनसभा करने के बाद हेलीकॉप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
बुधवार को सूचना विभाग से पीएम नरेंद्र मोदी के जनपद के आगमन का प्रोटोकॉल जारी होने के बाद जनपद के प्रशासनिक अमले के साथ भाजपा और सुभासपा के नेताओं ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने मधुबन क्षेत्राधिकारी अभय कुमार सिंह और हलधरपुर थाना प्रभारी के साथ कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल के नेतृत्व में एनडीए के नेता भी सभा स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि जनपद में एक जून को सातवें चरण में मतदान होगा। रतनपुरा में जिस स्थान पर पीएम नरेंद्र मोदी की सभा का आयोजन किया गया है, वहां से कुछ दूरी पर ही बलिया जनपद की सीमा शुरू हो जाती है। ऐसे में पीएम मोदी घोसी के साथ बलिया लोकसभा के मतदाताओं को भी संदेश देंगे।
एनडीए, इंडी गठबंधन के साथ बसपा ने भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा है। अब तक जिले में केवल बसपा सुप्रीमो मायावती ने ही अपने प्रत्याशी के पक्ष में मुहम्मदाबाद गोहना में चुनावी जनसभा को संबोधित किया है। इसके बाद पीएम मोदी का जनपद में आगमन हो रहा है।