पुलिस महानिरीक्षक अमरेंद्र कुमार सेंगर ने सोमवार जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले पुलिस लाइन में सुबह परेड की सलामी ली। पुलिस लाइन का भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
इसके साथ साथ पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों से भेंट वार्ता और पुलिसकर्मियों के साथ गोष्ठी की।इस दौरान उन्होंने अपराधियों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया। साथ ही जनता की समस्याओं को सुनने की भी बात कही।
परेड की सलामी लेने के बाद आईजी जोन वाराणसी अमरेंद्र सिंह सेंगर ने पुलिस लाइन की बैरक का निरीक्षण किया। बैरकों में उन्होंने पुलिसकर्मियों को साफ सफाई हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने बैरकों में की सफाई अच्छी न होने पर नाराजगी जताई। आईजी ने पुलिस लाइन के मालखाने, आदेशकक्ष सहित पूरे पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद आईजी जोन वाराणसी अमरेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां पर उन्होंने सबसे पहले एलआईयू विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया।
वहां पर पासपोर्ट विभाग के कार्यों की जानकारी ली। साथ ही नियमित और अच्छा कार्य करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक, आंकिक, अपराध व महिला/विषेष जांच प्रकोष्ठ के अभिलेखों का अवलोकन कर उनमें मिली कमियों को दूर करने का निर्देश दिया।
तत्पश्चात पुलिस लाईन के सभागार हाल में आईजी जोन वाराणसी अमरेंद्र सिंह सेंगर ने सपा विधायक सुधाकर सिंह, जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, अल्ताफ अंसारी, व्यापारमंडल के उमाशंकर ओमर, ब्रजराज शिशोदिया आदि से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आईजी जोन वाराणसी ने आगामी चुनाव में सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद उन्होंने जिले के सभी क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष के साथ गोष्ठी किया।। गोष्ठी के बाद आईजी जोन वाराणसी अमरेंन्द्र कुमार सेंगर वार्षिक निरीक्षण के बीच में ही प्रमुख सचिव की विडियो कांफ्रेंसिंग होने के नाते वाराणसी लौट गए। उन्हें गोष्ठी के बाद कोपागंज थाने का भी निरीक्षण करना था। लेकिन वे वहां पर निरीक्षण नहीं कर सके।