बढुआगोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हरदसपुर मोहल्ला में जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को काम के बहाने ट्यूबवेल पर बुलाकर लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुलोचना सिंह की तहरीर पर रविवार की रात प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार बीते 26 सितंबर की रात करीब नौ बजे हरदसपुर निवासी रणधीर सिंह उनके पति सतीश सिंह को काम का बहाना बनाकर ट्यूबवेल पर ले गए।
अधिक रात को बुलाए जाने पर जब सुलोचना को शक हुआ, तो वह भी चुपके से उनके पीछे-पीछे ट्यूबवेल पर पहुंच गईं। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि रणधीर सिंह और उनका बेटा कृष्णा सिंह आपस में बात कर रहे थे कि सतीश और उसके परिवार को मार दिया जाए ताकि उनकी संपत्ति और जमीन-जायदाद आसानी से हथियाई जा सके।
इसके तुरंत बाद रणधीर सिंह ने सतीश के हाथ पकड़ लिए और उनके बेटे कृष्णा सिंह ने लोहे की रॉड और चाकू से सतीश पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सतीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परदहां में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।