मुहम्मदाबाद गोहना में तहसीलदार के खिलाफ प्रदर्शन करते अधिवक्ता।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय तहसील में तहसीलदार के खिलाफ बहिष्कार बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को अधिवक्ता बार एसोसिएशन की बैठक तहसील सभागार में हुई, इसमें तहसीलदार के न्यायालय का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने प्रस्ताव पारित कर जनपद के अन्य तहसील और कलेक्ट्रेट बार से भी हड़ताल में समर्थन मांगा गया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए संगठन के अध्यक्ष फिरोज अहमद सिद्दीकी ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना जारी रहेगा। आंदोलन को और अधिक धार देने के लिए बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने बैठक कर प्रस्ताव पारित किया। इसमें तहसीलदार के विरुद्ध जारी आंदोलन में जनपद के अन्य तहसील और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन से भी समर्थन मांगा गया है। मंत्री उमाशंकर यादव ने कहा कि तहसीलदार का आचरण और रवैया सही नहीं है। इसलिए तहसीलदार के स्थानांतरण होने तक न्यायालय का बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान खालिद कमाल, महेश यादव, संतोष श्रीवास्तव, महेंद्र राय, प्रभाकर राय, राजकुमार पासवान, लालजी प्रसाद आदि मौजूद रहे।