चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के युसुफाबाद वार्ड निवासी महिला की शिकायत पर ब्याज वसूली के नाम पर धोखे से जमीन रजिस्ट्री कराने के मामले में पुलिस ने सोमवार की शाम मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज की थी।
वहां से सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। ताहिरा बनो द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के हठोता निवासी विनय सिंह से उसने 22 फरवरी 2022 को 50,000 रुपये कर्ज लिया था। कुछ माह बाद विनय सिंह ने दो किस्त में पूरा पैसा ले लिया। उसके अलावा ब्याज के रूप में 30,000 रुपये सहित अन्य बकाया बताकर मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में ले जाकर जमीन रजिस्ट्री करा ली। बदले में उसने 2.5 लाख रुपये दिया। दो दिन बाद बैंक लेकर गया और 2.5 लाख रुपये निकलवाकर उसमें से 1.10 लाख रुपये ले लिया। अब भी 9.75 लाख रुपये बकाया बताकर धमकी दे रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच चल रही है।