बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में सोमवार को सुबह जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष की दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष की मड़ई में आग लगा दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला पूनम सिंह ने एक अधिकारी पर इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उसका आरोप था कि अधिकारी की लापरवाही के कारण विवाद बढ़ा है। महिला का कहा था कि कई दिनों से पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की जा रही है लेकिन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी विजय शंकर सिंह का रामदरस यादव से बहुत दिनों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। एसडीएम के आदेश के बाद दो दिन पहले लेखपाल और कानूनगो ने जमीन की पैमाइश की गई थी। इस बीच सोमवार की सुबह दोनों पक्षों में इस जमीन को लेकर कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के विजय शंकर सिंह, दयाशंकर सिंह, पूनम सिंह पत्नी विजय शंकर सिंह और चिंता सिंह पत्नी दयाशंकर सिंह घायल हो गईं। जबकि दूसरे पक्ष के रामदरश की मड़ई आग लगने से जल गई। राजनाथ यादव को भी चोटें आईं। विजय शंकर का आरोप था कि उनकी व परिवार के सदस्यों की पिटाई के बाद दूसरे पक्ष ने अपनी मड़ई में आग लगाई है। मौके पर पहुंची पुलिस को देख रामदरस यादव पक्ष के लोग फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एक पक्ष ने रामदरश यादव, रामबचन यादव, राहुल यादव और डब्बू यादव पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है। सरायलखंसी थाना प्रभारी रामसिंह ने बताया कि मारपीट में घायल महिला की तहरीर पर रामदरश यादव, रामवचन यादव ,राहुल यादव और डब्बू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, एसडीएम सदर निरंकार सिंह का कहना है कि विवादित भूमि की पैमाइश के लिए मंगलवार को राजस्व और पुलिस की टीमें हरपुर जाएंगी। इसके लिए पुलिस और राजस्व कर्मियों की टीम गठित कर दी गई है।