वलीदपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना में छापे की कार्रवाई कर दुकानों की जांच की। टीम ने तीन जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। छापे की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के नेतृत्व में टीम सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना बाजार पहुंची। टीम ने सबसे पहले सब्जी मंडी के पास से रामजन्म यादव के यहां से भैंस के दूध का नमूना लिया। इसी क्रम में टीम ने सैयदवाड़ा स्थित मो. फायक के यहां से रस्क तथा नाजोपट्टी बरामदपुर स्थित लक्ष्मण गुप्ता के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना लिया। इस दौरान टीम में शामिल अधिकारियों ने रेस्टोरेंट, ढाबा आदि में गर्म तेल में मिलावट की जांच की। मौके पर मौजूद लोगों को मिलावटी तेल के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मिलावट सामान की बिक्री पर रोक के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। नमूने जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिए गए।