वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मड़हा गांव निवासी मजदूर प्रदीप राजभर (28) की मंगलवार को वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रदीप बीते शनिवार को बाइक से मजदूरी करने जा रहे थे।
धर्मशीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से वाराणसी रेफर किया गया। तीन दिन तक उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। प्रदीप अपने छह भाइयों में सबसे छोटे थे, जिनकी दो बेटियां हैं और पत्नी सात माह की गर्भवती हैं। इस बाबत कोतवाल के के वर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।