थाना कोपागंज क्षेत्र के फत्तनपुरा मोहल्ले में सोमवार की रात बैंक के रिटायर्ड कैशियर मुचुनू यादव (70 ) की हत्या महज रास्ते के विवाद को लेकर कुदाल से कर दी गई थी।
सामने आया है कि हत्यारोपियों ने उन्हें नए रास्ते से होकर जाने से मना किया, तो विवाद हो गया। इसी बात को लेकर उन्हें निर्ममता से मार डाला गया।
पुलिस ने मुचुनू के पुत्र सूर्यप्रकाश की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि सोमवार की रात फत्तनपुरा निवासी बैंक के रिटायर्ड कैशियर मुचुनू यादव अपने पत्नी लीलावती के साथ कुछ दूर पर स्थित कोपाकोहना में बनवाए गए नए भवन में सोने के लिए नित्य की भांति जा रहे थे।
इस बीच वह एक खेत से होकर बने रास्ते से जा रहे थे कि आरोपियों ने इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर मुचुनू यादव से आरोपियों से विवाद हो गया।
आरोपियों ने मुचुनू यादव के सिर पर कुदाल से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बेहोश होने पर आरोपियों ने उन्हें एक गड्ढे में ढकेल दिया।
यह घटना देखकर उसकी पत्नी लीलावती रोते बिलखते हुए घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। घटना स्थल पर पहुंचे परिवार के सदस्य आनन फानन घायल को कोपागंज अस्पताल ले गए।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही मुचुनू यादव की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर रात में ही एसपी अशोक कुमार शुक्ल, एएसपी तेज स्वरूप सिंह, सीओ एवं थानाध्यक्ष पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र सूर्यप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने बिन्देश्वरी एवं उसके तीन पुत्र राजेश, अखिलेश और कमलेश के विरुद्ध केस दर्ज करते हुए बिंदेश्वरी सहित एक अन्य को हिरासत में लिया है।