कोपागंज। थाना क्षेत्र के भांवरकोल गांव में सोमवार की रात संदिग्ध हाल में मरी महिला की गला घोटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर इस बात का खुलासा हुआ। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार की रात भांवरकोल गांव निवासी मंजीत साहनी की पत्नी रंजना 33 की संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर मृतका का भाई मनोज साहनी बहन की ससुराल पहुंचा। ससुराल वालों ने मौत का कारण पेट में दर्द होना बताया। मायके पक्ष के लोगों ने उनकी बात पर भरोसा कर लिया। लेकिन गांव वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष विनय सिंह ने बताया कि उन्हे सूचना मिली कि पांच बच्चो की मां रंजना फांसी लगाकर मरी है। बुधवार की शाम आई पीएम रिपोर्ट में रंजना की मौत का कारण गला घोटा जाना बताया गया। मामले में मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर दी । पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। रंजना का मायका सरायलखंसी थाना क्षेत्र के गरथौली गांव निवासी घुरपत्तर के घर था। उसकी शादी 18 वर्ष पूर्व मंजीत से हुई थी। मृतका पांच बच्चों की मां थी, उसकी बडी बेटी 16 वर्ष की है। इस बाबत एसओ एसओ विनय सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।