अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला पांजेपार गांव निवासी एक व्यक्ति की करेंट लगने से वृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे मौत हो गई। उसकी इकलौती बेटी के विवाह के लिए वर पक्ष के लोग शाम को उसे देखने आने वाले थे। व्यक्ति उसी सिलसिले में तैयारी करने में लगा था। ऐसे में घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। गांव निवासी बाढ़ू चौहान मजदूरी करके परिवार की आजीविका चलाता था। परिवार में उसकी पत्नी और 19 वर्षीया बेटी है। बाढ़ू बेटी की शादी के लिए कोशिश में था। बेटी मंजू को देखने के लिए वर पक्ष के लोग शाम को आने वाले थे। उनकी आवभगत के लिए बाढ़ू काम पर भी नहीं गया। घर में साफ सफाई करके वह रिश्तेदारों के आगमन की प्रतीक्षा कर रहा था। इसी दौरान वह एक कमरे में लगे बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगाने गया। तभी वह करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत होते ही पत्नी वसंती और बेटी मंजू बिलखने लगीं। कुछ ही देर ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुुंच गई।