घोसी के धरौली में श्री हनुमान जी एवं श्री विश्वकर्मा जी की मूर्ति स्थापना को लेकर निकली कलश यात
घोसी नगर से सटे धरौली ग्राम में शुक्रवार को श्री हनुमान जी और श्री विश्वकर्मा जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे को लेकर कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं और युवतियां शामिल रहीं।
कलश यात्रा का शुभारंभ धरौली स्थित कार्यक्रम स्थल से वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक जयघोष के साथ हुआ। कलश यात्रा में महिलाओं एवं कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा धरौली से प्रारंभ होकर बड़ागांव, पकड़ी मोड़, बस स्टेशन होते हुए श्री हनुमान मंदिर घोसी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं दर्शन-पूजन किया। इसके बाद यात्रा पुनः उसी मार्ग से वापस धरौली स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
यात्रा मार्ग में बड़ागांव में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की। प्राण प्रतिष्ठा और धार्मिक अनुष्ठान के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बालचंद, अमृतलाल राजभर, शंभूनाथ चौरसिया, सतीश मिश्र, मुखराम राजभर, उपेंद्र राजभर, शुभम मिश्रा, छेदीलाल निषाद, मुकेश चौरसिया आदि उपस्थित रहे।