घोसी कोतवाली के अकोलही मुबारकपुर गांव स्थित मंदिर में चोरी के बाद जांच में जुटी में पुलिस
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अकोल्ही मुबारकपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर में गुरुवार रात लाखों रुपये के आभूषण और दानपेटिका चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। चोरी हुए सामान में सोने का मांगटीका, नथुनी और अन्य आभूषण शामिल हैं। चोर दानपेटिका भी अपने साथ ले गए। सुबह ग्रामीणों ने मंदिर का ताला टूटा देखा तो बड़ी संख्या में लोग मंदिर पर जुट गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मंदिर की देखरेख करने वाले जयनाथ चौरसिया ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घोसी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने जल्द-से-जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है। इस बाबत कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है।