हलधरपुर। क्षेत्र के मानिकपुर गांव के पास बुधवार की सुबह जलजीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसकर छात्रों से भरी जीप पलट गई। गनीमत था कि हादसे के समय जीप की गति धीमी होने से कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे में चालक और दो सवार स्कूली बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के मैरासोफीपुर गांव में एक निजी स्कूल है। जहां बुधवार की सुबह करीब आठ बजे थाना क्षेत्र के ही बबुरा एवं कड़वरा गांव के छह बच्चों को लेकर जीप चालक राणा यादव उर्फ संजय स्कूल की तरफ जा रहा था। जहां मानिकपुर गांव के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में जीप पटरी के किनारे जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइप बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसकर पलट गई। घटना में जीप चालक के साथ कड़वरा निवासी मोनू (कक्षा 6) और गोलू (कक्षा दो) पुत्र चंद्रशेखर यादव को हल्की चोटें आई। इस दौरान मौके पर जुटे लोगों ने बच्चों एवं ड्राइवर को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए भिजवाया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने आई। गनीमत रहा कि हादसे के समय वाहन की गति धीमी होने से बड़ा हादसा होने से टल गया।