चिरैयाकोट बाजार के पास मंगलवार की देर रात में एक कार्यक्रम में
प्रस्तुति देकर लौट रही नर्तकियों से छेड़खानी का विरोध करने पर कुछ युवकों
ने एक मूर्तिकार सहित उसके दो बेटों से मारपीट की।
मूर्तिकार की बनाई
विभिन्न देवी देवताओं की 40 मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले
में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चिरैयाकोट बाजार में
मंगलवार को दुर्गा पूजनोत्सव का समापन था। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक
कार्यक्रम और मेला देर रात तक चलता रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाहर से
दो नर्तकियों को भी बुलाया गया था।
भोर में कार्यक्रम की समाप्ति के बाद
नर्तकियों के ठहरने की व्यवस्था कसबे के ही वली नगर निवासी मूर्तिकार राम
नारायण प्रजापति के घर पर की गई थी। नर्तकियां उनके घर जा रही थीं कि मार्ग
में कुछ युवक छेड़छाड़ करते उनके पीछे लग गए और राम नारायण के घर तक आ
पहुंचे।
नर्तकियों घर में चले जाने पर युवकों ने भी उनके पीछे जाने की
कोशिश की। इस पर राम नारायण उनके बेटे पिंटू और दीपक ने उन्हें रोका तो
युवक हमलावर हो गए।
उनसे मारपीट करने के बाद धमकाते हुए युवक उस वक्त वहां
से तो चले गए पर पास में एक बड़े से टीन शेड में रखी मूर्तिकार की 40 को
क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुबह रामनारायण उधर गए तो मूर्तियों को क्षतिग्रस्त
देखा। राम नारायण की तहरीर पर पुलिस ने बगल के मनाजीत गांव के दो युवकों
सहित चार लोगों के विरुद्घ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसओ राजीव मिश्र ने बताया
कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के
लिए दबिश भी दी गई लेकिन सभी आरोपी फरार हैं। जल्दी ही वे पुलिस की गिरफ्त
में होंगे।