मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में गोंड जाति का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग के लिए छात्र-छात्राओं का धरना प्रदर्शन रंग लाया। डीएम प्रवीण मिश्र ने 19 जनवरी को चारों तहसीलदारों को सत्यापन कर गोंड जाति का प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने जारी पत्र में कहा है कि जिन मामलों में आवेदकों के पूर्वज के खाते में 1359 फसली के पूर्व गोंड जाति का उल्लेख स्पष्ट रूप से पाया जाए, उनको गोंड जाति का प्रमाणपत्र तत्काल जारी कर दिया जाय।
जिन गोंड जाति के आवेदकों के पास उस समय के उनके पूर्वजों का कोई भू अभिलेख उपलब्ध न हो तो उनकी जाति के बारे में सही जानकारी प्राप्त करने के लिये गांव और आसपास के निर्विवादित गोंड परिवार से पूछताछ करें और बिना देरी किए प्रमाण पत्र जारी करें। आवेदनकर्ता से भूमिहीन होने की दशा में उनके परिवार रजिस्टर की नकल शैक्षणिक संस्थाओं की टीसी, नजदीकी गोंड परिवार से जांच पड़ताल कर नियमानुसार जाति प्रमाणपत्र जारी करें।
जाति प्रमाणपत्र निर्गत करने की समय सीमा निर्धारित करते हुए शासनादेशों का उल्लंघन कर आवेदन पत्रों को बिना ठोस कारण से निरस्त करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।