रेलवे स्टेशन पर 14 अगस्त को रेल राज्य मंत्री के कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारी के दौरान रंगाई पोताई करता मजदूर
- फोटो : mau
14 अगस्त से लखनऊ जंक्शन को चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को मऊ वाया शाहगंज से चलाए जाने की मांग उठने लगी है। तर्क दिया जा रहा है कि इस रूट से ट्रेन के चलने से तीन जिले के यात्रियों को लाभ मिलेगा। व्यापारियों, बुनकरों तथा आम लोगों ने रेल राज्यमंत्री को पत्र लिखकर मऊ-आजमगढ़-शाहगंज रुट से ट्रेन चलाने की मांग की है।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि इंटरसिटी एक्सप्रेस को मऊ, आजमगढ़ वाया शाहगंज लखनऊ चलाया जाए। इससे मऊ, आजमगढ़ और बलिया जिले के लोगों को लाभ होगा। वहीं उप्र उद्योग व्यापार मंडर के जिला महामंत्री गोपाल कृष्ण बरनवाल का कहना है कि वर्तमान में आजमगढ़ रूट से लखनऊ के लिए केवल एक ही ट्रेन उत्सर्ग एक्सप्रेस है। ऐसे में इंटरसिटी को इस रूट से चलाए जाने से नगर के लोगों को फायदा होगा। लेकिन अगर रेलवे इसे मऊ-औड़िहार वाया वाराणसी रूट से चलाती है तो ट्रेन का स्टॉपेज कम किया जाए। जिससे समय की बचत हो सके। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने कहा कि ट्रेन के संचालित होने से बुनकर सहित नगर के व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा।
लेकिन इसका लाभ तभी होगा जब इस ट्रेन को आजमगढ़ रूट से चलाया जाए। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि इंटरसिटी के संचालित होने पर नगर के अन्य वर्गो के साथ शिक्षक और छात्रों को भी लाभ मिलेगा। मालूम हो कि गत माह गाजीपुर जिले में नवनिर्मित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान और गाजीपुर सिटी स्टेशन पर नवनिर्मित वाशिंग लाइन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने लखनऊ के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाए जाने की घोषणा की थी। इसमें पहला रुट मऊ जंक्शन से औड़िहार, बनारस होते हुए लखनऊ का तो दूसरा रूट औड़िहार जंक्शन से मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या, फैजाबाद होते हुए लखनऊ को है। लेकिन 14 अगस्त को मऊ-औड़िहार, वाराणसी सहित दूसरे रूट से ट्रेन को संचालित किया जा सकता है।