नगर क्षेत्र के सहादतपुरा स्थित बैंक आफ इंडिया बैंक पर नोट बदलने के लिए लोगों की लगी लंबी कतार।
एक हजार और पांच सौ के नोट बंद होने के बाद जिस प्रकार बैंकों पर भीड़ उमड़ रही है वह कम होने के बजाए और बढ़ती ही जा रही है। कोई पैसा जमा कराने के लिए बार-बार लाइन में खड़ा हो रहा है तो कोई जरूरत पूरी करने के लिए रुपयों को चेंज कराने केे लिए। बैंक से 4500 रुपये मिल भी रहे हैं वह पैसे भी जल्द ही खत्म हो जा रहे हैं। मंगलवार को शहर के मिर्जाहादीपुरा, सहादतपुरा, बालनिकेतन, रौजा चौक, सिंधी कालोनी, गाजीपुर तिराहा नरई बांध आदि स्थानों पर इस कदर भीड़ उमड़ी कि प्रशासन को भी पसीना बहाना पड़ा।
नगर क्षेत्र के आजमगढ़ तिराहा स्थित एक्सिस बैंक पर मंगलवार की सुबह पांच बजे से पैसा बदलने के लिए नगर क्षेत्र के मुंशीपुरा मोहल्ला निवासी जयानुलहक लाइन में लगे थे। दोपहर 3.30 बजे बैंक के मैनेजर ने बताया कि कैश खत्म हो गया तो उन्हें चेहरे पर निराशा छा गई। पूछने पर बताया कि दो दिन से जो पैसा था उससे गुजारा हुआ। लेकिन अब कोई भी छुट्टा पैसा नही है।अब घर का सामान कैसे खरीदेंगे ये उनके सामने सबसे बड़ी समस्या थी।
नगर क्षेत्र स्थित एक्सिस बैंक पर मंगलवार को पखईपुर निवासी सीमा भी नोट बदलने के लिए लाइन में खड़ी थी। सीमा की दो बेटियों की शादी 24 नवंबर को है। और पैसों की सख्त जरुरत है। लेकिन पैसा न मिलने के बाद वे निराश होकर अपने घर को चली गई।
गाजीपुर जिले के नखतपुर निवासी नितिश पांडेय नगर क्षेत्र के आजमगढ़ तिराहा स्थित एक्सिस बैंक पर अपने दोस्तों के साथ पहुंचे। लेकिन बैंक में पैसा न होने के चलते उनको निराशा हाथ लगी। नितिश ने बताया उनकी बहन की तिलक 16 नवंबर को है लेकिन 500 और 1000 के नोट नही चलने से उनकी सारी तैयारी बेकार हो गई। ऐसे में मंगलवार को वे दस दोस्तों के साथ नोट बदलने के लिए आए थे। लेकिन यहां भी निराशा हाथ लगी।
नगर क्षेत्र स्थित मऊ मार्डन स्कूल के प्रबंधक हामिद अनवर भी पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंचे। उन्होंने बताया कि आखिरकार अपने स्कूल के शिक्षकों को वे कहां से पैसा दें। जो नोट चल नही रहे हैं वो नोट कैसे उन्हें दिया जाए। साथ ही जो नोट नए हैं वो मिल नही रहे हैं। ऐसे में उनके सामने काफी परेशानी खड़ी हो गई है।