घोसी में बड़ी लाइन के लिए रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण, नापी करते रेलवे निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य।
- फोटो : mau
इंदारा-दोहरीघाट रेल मार्ग के बड़ी लाइन में बदलने को लेकर शुक्रवार को नगर स्थित रेलवे स्टेशन का पूर्वोत्तर रेलवे के निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में आई टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने स्टेशन पर प्लेटफार्म, रेल लाइन, आवास सहित अन्य जगहों की जानकारी लेने के साथ नापी की।
35 किलो मीटर लंबी इंदारा- घोसी रेल लाइन को बड़ी लाइन में तब्दील करने के लिए मिट्टी कार्य, प्लेटफार्म, कर्मचारियों के आवास के साथ अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। शुक्रवार को गोरखपुर जीएम के निर्देश पर अधिशासी अभियंता डीपी सिंह, आईओडब्लू एके श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई टीम ने निरीक्षण के साथ प्लेटफार्म की स्थिति, रेल लाइन, यार्ड के साथ कर्मचारियों के क्वाटर की विधिवत नाप जोख किया। साथ ही मधुबन मार्ग के 13 सी ढाला के साथ जैनपुर गांव स्थित 12 ऐसी ढाला का जांच कर नाप जोख किया गया।
टीम ने बताया कि 35 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग के आमान परिवर्तन हेतु अधिकांश कार्य का टेंडर हो चुका है। घोसी में तीन रेल लाइन और दो प्लेटफार्म बनना प्रस्तावित है। कर्मचारियों के पद के लिए आवास बनेंगे। मधुबन रोड स्थित रेल ढाला13 सी के पूरब तरफ से संपर्क मार्ग बनाकर बड़ागांव सड़क के रेल ढाल 14 सी से जोड़ा जाएगा। इससे जैनापुर और बड़ागांव के रास्ते से आना जाना आसान होगा। चार रेल लाइन के साथ रेल इंजन के घूमने की भी सुविधा भी प्रस्तावित है। रेल खंड पर आवश्यकता के अनुसार अंडरपास भी बनेगे। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। टीम में आईओडब्ल्यू ए के श्रीवास्तव, रामशंकर अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।