जिला अस्पताल में सोमवार को एक घायल के साथ स्वास्थ्य कर्मियों को अमानवीय व्यवहार देखने को मिला। कोपागंज थाना क्षेत्र के कनियानीपुर गांव में खेत की जोताई के दौरान अंकित सिंह (20) पुत्र बिजेंद्र सिंह ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर में फंस गया। इससे वह घायल हो गया।
युवक के शरीर से खून का रिसाव बंद नहीं होने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए। जहां घायल की बिना ड्रेसिंग किए जिला अस्पताल कर्मचारियों द्वारा वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल को एंबुलेंस में रख दिया गया। घायल के साथ आई एक महिला उपचार नहीं होने के बात कहकर रोने लगी, कहा कि अस्पताल में उपचार की सुविधा होने के बाद भी मरहम पट्टी तक नहीं की गई। महिला के रोने के बाद आपातकाल के बाहर गेट के पास ही स्वास्थ्य कर्मियों ने दोबारा घायल को एंबुलेंस से नीचे उतारकर ड्रेसिंग करने के बाद घायल को वाराणसी के लिए भेजा। सीएमएस डा. धनंजय कुमार ने बताया किमामले की जानकारी है, युवक की हालत काफी गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को वाराणसी के लिए रेफर किया गया है। लापरवाही को लेकर पूछताछ होगी।