वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शेखअहमद पुर के पास शनिवार को बाइक बेकाबू होकर पलटने से गंभीर रूप से घायल चिकित्सक की मौत हो गई जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुत्र का इलाज एक नर्सिंग होम में चल रहा है। चिकित्सक अपने बेटे के साथ आजमगढ़ के मुबारकपुर निवासी एक डाक्टर के निधन के बाद उनके जनाजे में शामिल होने गए थे। लौटते समय हादसा हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर मोहल्ला उत्तर का पूरा निवासी डॉ. न्याज अहमद (55) करीब 20 वर्ष से नगर के मदनपुरा मुहल्ले में मकान बनवाकर रहते थे। मुहल्ले में ही वे क्लीनिक चलाते थे। शुक्रवार देर रात आजमगढ़ के मुबारकपुर कसबे के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गुलाम शाहिद की मौत की सूचना पर डा. न्याज अपने बेटे के साथ बाइक से मुबारकपुर गए थे। डॉ. गुलाम शाहिद के जनाजे में शामिल होने के बाद वह बेटे के साथ घर लौट रहे थे। जब वे कोतवाली क्षेत्र के शेख अहमद पुर के पास पहुंचे तो अचानक बाइक का अगला पहिया कंकड़ पर चढ़ गया जिससे बाइक अनियंत्रित होकर रोड पर पलट गई। बाइक पर पीछे बैठे डा. न्याज को गंभीर चोटें आईं। उनको स्थानीय लोगों की मदद से एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके पुत्र हंजला (20) को गंभीर चोटें आईं। उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सक की मौत की खबर सुनते ही मोहल्ला मदनपुरा और नगर पंचायत वलीदपुर में शोक की लहर दौड़ गई।