मऊ। कोरोना संक्रमित पांच मरीजों का पता 48 घंटे बाद भी नहीं लगने से स्वास्थ्य विभाग अब उनकी तलाश के लिए पुलिस का सहारा लेगा। संक्रमित पांचों व्यक्तियों ने जांच कराने के दौरान अपना नाम पता के साथ ही मोबाइल नंबर भी गलत अंकित कराया था। रिपोर्ट आने पर पांचों पॉजिटिव मिले तो विभाग ने उनकी तलाश शुरू किया।
बताते चले कि बीते मंगलवार की शाम लैब से आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में सरैया गांव निवासी पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान विभाग इन मरीजों से संपर्क करने का प्रयास किया तो तीन का नंबर बन्द मिला, जबकि दो नंबरों पर बात हुई, लेकिन फोन उठाने वाला व्यक्ति दूसरे खुद को लखनऊ और सुल्तानपुर जिले का होना बताया। नाम भी डिफर था। इस दौरान जिले में सरैया नाम से मौजूद अन्य पांच गांवों में टीम गई, लेकिन मरीजों का पता नहीं चला। इसका परिणाम रहा गुरुवार की सुबह तक मरीज नहीं मिले। 48 घंटे बाद भी मरीजो के न मिलने पर विभाग ने थक हारकर इसकी सूचना पुलिस विभाग के स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को दी। ताकि मरीजों का पता लगाया जा सके। बात करने पर सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि मरीज ट्रेस होने चाहिए, क्योंकि यह महामारी है। ऐसे में अधिकारियों को सूचित करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। इस क्रम में पुलिस से सहयोग लिया जा रहा है।